बरखेड़ा। थाना दियोरिया कलां क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम गंझाड़ा में मंगलवार दोपहर सांड़ के हमले में एक किसान गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। गांव निवासी 40 वर्षीय किसान इसरार पुत्र नत्थू दोपहर अपने खेत पर काम कर रहे थे। इसी दौरान वहां अचानक एक सांड़ जा पहुंचा। सांड़ ने किसान पर हमला कर दिया। किसान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद ग्रामीण वहां पहुंचे, इसके बाद सांड़ वहां से भागा। घटना के बाद परिजन ने आनन-फानन में 108 एंबुलेंस से घायल को सीएचसी पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन घाव गहरे होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। संवाद