क्षेत्र के विकास के लिए पूरनपुर के विधायक ने की विधानसभा में चर्चा
- विधायक बाबूराम ने विस्थापित परिवारों को बसाने और नागरिकता देने का भी उठाया मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पूरनपुर विधायक बाबूराम पासवान ने विधानसभा में क्षेत्र की मुख्य समस्याओं को रखा। उन्होंने शारदा नदी पर पक्का पुल बनाने और फायर स्टेशन निर्माण के लिए बजट जारी करने की मांग की है। इसके अलावा विस्थापित बंगाली परिवारों को नागरिकता देने का मुद्दा भी उठाया।
विधानसभा में विधायक ने कहा कि पूरनपुर चीनी मिल का नवीनीकरण किया जाए। चीनी मिल बहुत ही जर्जर हालत में है। शारदा नदी पर धनाराघाट पर पक्के पुल का निर्माण कराया जाए। उनकी विधानसभा नेपाल सीमा तक लगी हुई है। पुल बनने से सैकड़ों लोगों को फायदा होगा।
पूरनपुर से खटीमा के लिए बाईपास बनाया जाना बेहद जरुरी है। इसके अलावा कहा कि कलीनगर में फायर स्टेशन प्रस्तावित है। निर्माण का शिलापट् तो लगा दिया गया है, लेकिन अब तक बजट जारी नहीं हुआ है। इसके अलावा विधायक ने कहा कि उनके क्षेत्र में बंगाली परिवार काफी संख्या में हैं, उन्हें उजड़ने से बचाया जाए।