भारत-नेपाल सीमा का जायजा लेते एडीजी पीसी मीना साथ में मौजूद आईजी डॉ राकेश सिंह। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। एडीजी जोन पीसी मीना ने आईजी डॉ. राकेश सिंह के साथ मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा की स्थिति को परखा। सीमा पर पैदल गश्त करने के साथ सीमावर्ती गांव नौजल्हा नकटहा में ग्राम सुरक्षा समितियों, गृह प्रहरियों के साथ बैठक कर सीमावर्ती अपराधों, मादक पदार्थों की तस्करी रोकने पर जोर दिया।
कलीनगर तहसील क्षेत्र के सीमावर्ती क्षेत्र में पहुंचे एडीजी ने आईजी और एसपी अतुल शर्मा के साथ सीमा पर गश्त कर हालात का जायजा लिया। इसके बाद नौजल्हा गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय परिसर में बैठक की। बैठक में एसएसबी, वन विभाग, लोकल इंटेलीजेंस के अलावा क्षेत्रीय थाना पुलिस मौजूद रही। एडीजी पीसी मीना ने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्र की सुरक्षा के लिए ग्रामीणों का सहयोग जरूरी है। ग्रामीण भी किसी अवैध गतिविधि की जानकारी होने पर पुलिस समेत जिम्मेदार अफसरों को जरूर सूचना दें।
सीमावर्ती अपराध, अवैध तस्करी, मादक पदार्थों की तस्करी आदि में एसएसबी, वन विभाग, लोकल इंटेलीजेंस के साथ थाना पुलिस का सहयोग अहम है। उन्होंने बैठक में मौजूद ग्राम सुरक्षा समिति के सदस्यों, ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, रोजगार सेवकों के अलावा संभ्रांत नागरिकों को जागरूक होने की सलाह दी। जानकारी पर त्वरित अमल करने के संबंधित अफसरों को निर्देश भी दिए। इसके बाद कम्बोजनगर, राघवपुरा व बजारघाट का भी दौरा कर सीमा पिलर संख्या 34 से 42 तक पैदल गश्त कर स्थिति को परखा।
चेक पोस्टों को देखा। इस दौरान सीओ ज्योति यादव, एसडीएम शिखा शुक्ला, टाइगर रिजर्व के डिप्टी रेंजर सगीर अहमर, इंस्पेक्टर सुरेंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।