पीलीभीत। दोपहर में खेत पर गए मोहल्ला डालचंद निवासी युवक का लहूलुहान शव बुधवार रात खेत में पड़ा मिला। मृतक के नाजुक अंग पर भी चोट के निशान थे। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला डालचंद निवासी तौफीक (45) पुत्र अब्दुल रशीद का मोहल्ला खकरा में खेत है। बुधवार दोपहर करीब तीन बजे वह खेत पर गया था। उसके साथ खेत का बटाईदार पप्पू मौर्य निवासी मोहल्ला खकरा और तीन अन्य मजदूर भी थे। शाम छह बजे वह रोजा इफ्तारी के समय घर वापस नहीं आया।
घरवालों ने रात आठ बजे के बाद उसकी खोजबीन शुरू की। परिजन जब खेत पर पहुंचे, तो वह लहूलुहान हालत में बेसुध पड़ा था। तौफीक को पहले एक निजी अस्पताल में लाया गया। बाद में परिजन उसे लेकर रात 11 बजे जिला अस्पताल पहुंचे।
जहां डॉक्टरों ने तौफीक को मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने धारदार हथियार से वार कर हत्या किए जाने की बात कही। युवक की हत्या की सूचना मिलने पर एसपी अविनाश पांडे, एएसपी विक्रम दहिया, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और चार थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक के भाई ने अज्ञात के खिलाफ सदर कोतवाली में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। एसपी अविनाश पांडे ने बताया कि घटना के खुलासे के लिए कोतवाली पुलिस के अलावा एसओजी की टीम भी लगाई गई है।
-
युवक के शरीर पर मिले कई निशान
परिजनों ने किसी से भी रंजिश होने से इन्कार किया है। मृतक के शरीर पर नाजुक अंग के अलावा आंख के पास चोट के निशान मिले हैं। इससे हत्या का अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच कर रही है।
शरीर में मिला धारदार हथियार का टुकड़ा
मोहल्ला डालचंद निवासी तौफीक के हत्या की कहानी उलझती जा रही है। बताया जा रहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में नाजुक अंग पर चोट के साथ पेट के निचले हिस्से में धारदार वस्तु का टुकड़ा भी मिला है। इसी से हत्या किए जाने की बात कही जा रही है। हालांकि पुलिस इस मामले में कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने से भी इन्कार किया जा रहा है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट अभी नहीं आई है।