पीलीभीत। कम राशन बांटने की सूचना पर नकटादाना चौराहे के पास की सरकारी राशन की दुकान का एडीएम वित्त अतुल सिंह के निर्देश पर स्टॉक चेक कराने पर गड़बड़ी मिली। राशन की कालाबाजारी करने की बात भी खुलकर सामने आई। डीएम से अनुमति मिलने के बाद कोटेदार के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मोहल्ला साहूकारा के रहने वाले प्रतीक अग्रवाल की सरकारी राशन की दुकान नकटादाना चौराहे के पास है। चार अप्रैल को शिकायत मिली थी कि कोटेदार कार्ड धारकों को कम राशन बांट रहा है, जबकि रुपये अधिक लिए जा रहे। इसकी शिकायत मिलने पर एडीएम वित्त ने टीम भेजकर जांच कराई। शिकायतकर्ता मौके पर न मिलने पर कोटेदार का स्टॉक चेक करने के निर्देश दिए गए थे। इस पर प्रशासनिक टीम ने राशन की दुकान का स्टॉक चेक किया। इसमें 15 कट्टा गेहूं कम और 29 कट्टे चावल अधिक मिला। अभिलेख भी आधे-अधूरे मिले थे।
स्टॉक में गड़बड़ी से कोटेदार द्वारा सरकारी राशन की कालाबाजारी उजागर हो गई। इसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी गई। डीएम वैभव श्रीवास्तव से अनुमति मिलने के बाद क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रितेश चंद्रा ने बुधवार देर शाम कोतवाली में तहरीर दी। कोतवाल श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मोहल्ला साहूकारा के निवासी कोटेदार प्रतीक अग्रवाल के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई है।