जंक्शन पर एकत्र होकर जताया विरोध, की नारेबाजी
पीलीभीत से बरेली जंक्शन तक ट्रेन चलाने की मांग
पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानु गुट) के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पीलीभीत जंक्शन परिसर के पीछे एकत्र होकर पंचायत की। कार्यकर्ताओं ने रेलवे बोर्ड से मांग की कि पीलीभीत से लंबी दूरी की ट्रेनें संचालित की जाएं। इसके अलावा कुछ ट्रेनों का समय बदला जाए, ताकी लोगों का ब्रॉडगेज पर ट्रेन संचलन का फायदा मिल सके। कार्यकर्ताओं ने रेलवे बोर्ड के अध्यक्ष को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक को सौंपा।
जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी ने कहा कि बड़ी रेल लाइन पड़ने के बाद भी जंक्शन से लंबे रूट की ट्रेनों का संचालन शुरू नहीं हो सका है। आज भी मीटरगेज की ट्रेनों वाली ही सुविधाएं हैं। मीटरगेज के दौरान पीलीभीत से सीधे बरेली जंक्शन तक ट्रेनों का संचालन होता था, जो अब बरेली सिटी तक कर दिया गया है। बरेली में सिटी स्टेशन से जंक्शन जाने के लिए यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। पीलीभीत से शाहगढ़ के बीच एक छोटा से भाग रेलवे लंबे समय से नहीं बनवा पा रहा है।
लंबे रूट की ट्रेनों को चलाने में कोई दिक्कत नहीं है। बावजूद इसके ट्रेनों का संचालन नहीं किया जा रहा। पंचायत के बाद कार्यकर्ताओं ने प्लेटफार्म की ओर कूच किया तो उन्हें टिकट विंडो के पास रोक लिया गया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मांग को शीघ्र पूर्ण कराने की मांग की। इस दौरान बाबूराम शर्मा, राजेश वर्मा, ओमप्रकाश, सूर्य प्रकाश, नंदकिशोर राठौर, राम बहादुर गंगवार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।
ज्ञापन में यह मांगें रहीं शामिल
पीलीभीत से बरेली जंक्शन तक ट्रेनों का संचालन कराने, पीलीभीत वाया शाहजहांपुर होकर लंबे रूट की ट्रेनों का संचालन कराने, जनरल टिकट मांगने पर अभद्रता नहीं करने, रामलीला रेलवे क्रॉसिंग की ओर टिकट विंडो बनवाने, जनशताब्दी ट्रेन में बरेली तक तत्काल टिकट कराने, शाहजहांपुर से पीलीभीत के लिए साढ़े सात बजे ट्रेन चलवाने, पीलीभीत-शाहगढ़ के बीच छह माह में काम पूरा कराने की मांगें शामिल रहीं।