पीलीभीत के बीसलपुर से भाजपा विधायक विवेक वर्मा के पिता और पूर्व मंत्री रामसरन वर्मा ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। छुट्टा पशुओं समेत अन्य जन समस्याओं को लेकर मंगलवार से धरना देते हुए उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कामकाज की आलोचना की। वहीं मायावती के कार्यकाल की सराहना की।
रामसरन वर्मा ने बीसलपुर स्थित मंडी समिति में क्षेत्रीय लोगों के साथ धरना शुरू किया। उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा।भ्रष्टाचार को लेकर सरकार पर कई सवाल उठाए। साथ ही कहा कि मायावती की सरकार में भ्रष्टाचार पर लगाम रहती थी।
पूर्व मंत्री ने उठाई ये मांगें
पूर्व मंंत्री ने छुट्टा पशुओं की समुचित व्यवस्था कराने, बाढ़, वर्षा से किसानों को हुई क्षति का मुआवजा दिलाने, कोयला डिपो हटवाने, अवशेष गन्ना मूल्य भुगतान तत्काल दिलाने, नगर पालिका में कथित रूप से व्याप्त भ्रष्टाचार की सीबीआई जांच कराने और बारह पत्थर मंदिर के पास तोड़ी गई दुकानों को पुन: बनवाने की मांग की।
सभा में किसान मजदूर संगठन के मंडल संयोजक गुल्लू पहलवान, आंदोलन प्रभारी प्रेमसागर पटेल, संजय शर्मा, सतीशंकर मिश्रा, रामदास पाठक, रवि प्रजापति, मंसूर अहमद, विशेष वर्मा, मंगली प्रसाद, राजीव कुमार और वीरपाल वर्मा ने विचार रखे। अध्यक्षता गुल्लू पहलवान और संचालन प्रेम सागर पटेल ने किया।
सभा में यह भी तय किया गया कि यदि इन मांगों को समय रहते पूरा नहीं किया गया तो प्रशासन के विरोध में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया जाएगा। शाम को सिटी मजिस्ट्रेट विजयवर्धन तोमर को ज्ञापन देने के बाद धरना समाप्त हो गया।
भाजपा विधायक विवेक वर्मा ने कहा कि मेरे संज्ञान में यह मामला नहीं है। इसलिए अभी इस संबंध में कुछ भी नहीं कह सकता हूं।