पीलीभीत। डीएम ने मंगलवार को जनप्रतिनिधियों की बैठक बुलाई और उनके क्षेत्रों की समस्याओं पर चर्चा की। इसमें बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा ने तहसील को जिला बनाने की बात रखी। इस बाबत वह एक पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को भी भेज चुके हैं।
विवेक वर्मा ने बताया कि संघ द्वारा बीसलपुर को जिला घोषित किया गया है। संघ ने जहां-जहां जिला घोषित किया उनको बाद में जिला बनाया गया। बीसलपुर बड़ी तहसील है यहां से मुख्यालय दूर है। आसपास के जिलों के कुछ हिस्सों को लेकर इसे जिला बनाया जा सकता है। इसके अलावा उन्होंने नगर में अल्पसंख्यक इंटर कॉलेज बनाने और खराब सड़कें दुरुस्त कराने की बात डीएम के सामने रखी।
विधायक ने बताया कि ग्रामीण इलाकों में घटिया गुुणवत्ता की पाइप लाइन डाली जा रही है। वहीं बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद ने कहा कि गजरौला में नेशनल हाईवे पर लगी लाइटें काफी समय से बंद पड़ी हैं। उनको शुरू कराया जाए। पीलीभीत में वनकटी में एक पुलिस चौकी बनाने की मांग उठाई। राम स्वरूप पार्क के पास अवैध कब्जे का भी मुद्दा उठा। कुछ समय पहले यहां से अतिक्रमण हटाया गया था, लेकिन बाद में फिर अवैध कब्जा हो गया। डीएम पुलकित खरे ने सभी मुद्दों के निस्तारण का आश्वासन दिया है। बैठक में सांसद वरुण गांधी के प्रतिनिधि व सदर विधायक संजय गंगवार के प्रतिनिधि पहुंचे। पूरनपुर विधायक बैठक में नहीं पहुंचे।