पूरनपुर। गैस एजेंसी स्वामी गांव आनंदपुर उर्फ भगवंतापुर निवासी संजीव कुमार ने दो भाइयों सहित तीन बाइक सवारों पर तमंचे के बल पर 1.56 लाख रुपये लूटने का आरोप लगाया है। आरोप है कि विरोध पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घटना 18 जून को शाम साढ़े सात बजे की है। संजीव ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी सेहरामऊ उत्तरी थाना के गांव जोगराजपुर में गैस एजेंसी है। घटना के दिन गैस एजेंसी से बाइक से घर लौट रहा था। गांव केसरपुर के समीप पीछे से आए बाइक सवार गांव आनंदपुर उर्फ भगवंतापुर निवासी आदित्य कुमार मैथिल, सुमित कुमार समेत तीन युवकों ने बाइक आगे लगाकर उसकी बाइक को रोक लिया। बाइक को आदित्य चला रहा था।
आरोप है कि बाइक रुकते ही सुमित ने अपने साथी के साथ तमंचे के बल पर उसका बैग लूट लिया। बैग मेंं 1.56 लाख रुपये थे। विरोध पर सुमित ने उसके सिर पर तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बाद में तीनों युवक भाग गए। संजीव का आरोप है कि घटना की सूचना के बाद पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जिस पर उसने कोर्ट की शरण ली। सेहरामऊ उत्तरी पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर संजीव की ओर से आदित्य, उसके भाई सुमित और एक अन्य पर लूट की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।