बरखेड़ा अस्पताल में हो रहा घायल युवक का उपचार। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
बरखेड़ा/पीलीभीत। बरेली के युवक को बाइक सवार बदमाशों ने गोली मारकर मोबाइल लूट लिया। सूचना पर पहुंचे परिवार वालों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने युवक को सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। युवक के शरीर में अभी गोली फंसी हुई बताई जा रही है।
बरेली के थाना क्योलड़िया के गांव गुलड़हाई निवासी रामऔतार ने बताया कि उनका पुत्र सूरज कुमार (18) दिल्ली में मजदूरी करता है। तीन दिन पहले ही घर आया था। सोमवार को करीब साढ़े तीन बजे वह बरखेड़ा किसी काम से जाने के लिए साइकिल से निकला था। गांव से बरखेड़ा को जाने वाले कच्चे रास्ते पर जा रहा था कि इसी दौरान बरखेड़ा से करीब डेढ़ किलोमीटर पहले सामने से बाइक सवार युवकों ने पुत्र को गोली मार दी। जो हाथ और कमर के पास लगी। अभी गोली उसके शरीर में फंसी हुई है। गोली मारने वाले बदमाश उसके पुत्र का मोबाइल भी लूट ले गए। किसी तरह पास में पालेज कर रहे बरखेड़ा निवासी यामीन की झोपड़ी पर पहुंचा और घटना बताई। यामीन ने ही परिवार को सूचना दी थी। मौके पर पहुंचकर पुलिस को बताया और बरखेड़ा सीएचसी में भर्ती कराया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सीओ प्रशांत सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंचकर जांच की जा रही है। जांच के बाद ही घटना स्पष्ट हो सकेगी।