ट्रैक्टर-ट्राली की टक्कर से बाइक सवार की मौत
गन्ने लदी ट्रैक्टर-ट्राली ने एक बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में बाइक सवार मजदूर की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर-ट्राली मौके पर छोड़कर भाग गया, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। बरखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बर्रामऊ के रहने वाले 20 वर्षीय डालचंद पुत्र कीरथदेव पीलीभीत रोड स्थित एक बारातघर में आयोजित शादी समारोह में गया था। रविवार रात वहां से लौटते समय हाईवे पर कस्बे की स्टेट बैंक के पास उसकी बाइक में गन्ने लदे ट्रैक्टर ट्राली ने टक्कर मार दी। इस हादसे में मजदूर डालचंद गंभीर रुप से घायल हो गया। इसकी सूचना मिलने पर बरखेड़ा पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसका पता लगने पर परिवार वाले भी पहुंच गए। फौरन घायल को अस्पताल ले जाया गया। वहां से उसे बरेली रेफर कर दिया गया। जहां देर रात उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। बरेली पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। इधर, पत्नी मंजूदेवी ने पुलिस को ट्रैक्टर-ट्राली चालक के खिलाफ तहरीर दी। सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली को बरखेड़ा पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। डालचंद के पिता की कई साल पहले मौत हो चुकी है। घर में पत्नी के अलावा विकलांग मां है।