मझोला। न्यूरिया क्षेत्र में सिंघाड़े बेचकर घर लौट रहे बाइक सवार की ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस और परिवार के लोग भी पहुंच गए। पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया है। बेटे की तहरीर पर पुलिस ने ट्रैक्टर स्वामी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
न्यूरिया क्षेत्र के गांव पंडरी गांव निवासी दीनदयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके पिता सीताराम 42 मंगलवार शाम मरौरी गांव की ओर सिंघाड़े बेचने गए थे। देर शाम सिंघाड़े बेचने के बाद वह बनकटी नहर रोड से घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक रास्ते में अनियंत्रित गति से आए ट्रैक्टर की चपेट में आ गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई, इस पर ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। सूचना पर न्यूरिया पुलिस के साथ परिजन भी मौके पर पहुंच गए। इसके बाद पंचनामा भरकर पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मामले में तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।