मझोला-पीलीभीत रोड पर धनकुना गांव के पास बाइक की टक्कर लगने से 60 वर्षीय रामकली पत्नी गंगाराम की मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अमरिया क्षेत्र के सेमरखेड़ा गांव की रहने वाली रामकली (60) पत्नी गंगाराम रविवार को अपने मायके न्यूरिया के धनकुना गईं थी। देर शाम मैजिक से गांव पहुंचने पर सड़क पार कर रही थी। इस बीच एक तेज रफ्तार बाइक ने वृद्धा को टक्कर मार दी। जिसमें वह गंभीर रुप से घायल हो गई। राहगीरों से सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। वृद्धा को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इंस्पेक्टर न्यूरिया मोहम्मद कासिम ने बताया कि बाइक पुलिस के कब्जे में है। एक युवक भी हिरासत में लिया गया है। तहरीर मिलने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।