सदर तहसील में आयोजित भाकियू की पंचायत में मौजूद कार्यकर्ता । संवाद
सदर तहसील में पंचायत कर अधिकारियों पर लगाया मनमानी का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (भानू) की पंचायत सदर तहसील परिसर में जिलाध्यक्ष भजनलाल क्रोधी की अध्यक्षता में हुई। पंचायत में प्रदेश संगठन मंत्री रमेश दादा मौजूद रहे। भ्रष्टाचार को लेकर कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी और प्रदर्शन किया। प्रशासन को चेतावनी भी दी गई।
पंचायत को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा कि पीलीभीत का किसान परेशान है। सरकार ने गेहूं क्रय केंद्र खोले हैं। हमेशा की तरह इस बार भी खरीद केंद्रों पर धांधली की आशंका है। अगर ऐसा हुआ तो भाकियू प्रदर्शन करेगी।
तहसील अध्यक्ष नंदकिशोर राठौर ने कहा कि पीलीभीत सदर तहसील में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर है। छोटे-छोटे कार्यों में भी किसानों को महीने लग जाते हैं। सदर तहसील में शोषण थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिला संगठन मंत्री मोहम्मद अहमद ने कहा कि किसान छुट्टा पशुओं से बहुत परेशान है। इन पर रोक लगाई जाए। छुट्टा पशु किसान की बर्बादी का कारण बन रहे हैं। पंचायत में दौलत सिंह प्रजापति, बालमुकुंद प्रजापति, ओम, सोमपाल वर्मा, डोरी लाल, रामकुमार श्रीवास्तव, सुखलाल सहित काफी लोग मौजूद रहे।