बिलसंडा में भैयादूज पर्व पर भाई को तिलक करती बहन। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत। भैयादूज पर बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर लंबी उम्र की कामना की। भाइयों ने भी बहनों को मिठाइयां व गिफ्ट दिए।
इस बार ग्रहण के कारण भैयादूज दीपावली के दो दिन बाद हुआ। दूज को लेकर बहनों ने पहले से ही तैयारी कर रखी थी। दूसरे जिलों से आने वाली बहनें सुबह ही ट्रेनों व बसों से चल दी थी। हालांकि बुधवार शाम को साढ़े चार बजे से भैया दूज शुरू हो गई थी लेकिन अधिकतर लोगों ने बृहस्पतिवार को ही दूज मनाई। इस दौरान मिठाइयों की दुकान पर सुबह से ही भीड़ रही।
बीसलपुर, बिलसंडा, पूरनपुर समेत सभी तहसील क्षेत्रों में भैयादूज का पर्व परंपरागत ढंग से मनाया गया।
--
जिला कारागार में अव्यवस्था के कारण बहनों को हुई दिक्कत
पीलीभीत। जिला कारागार में भी बहनें मिठाई और फल लेकर भाइयों का टीका करने पहुंचीं। भाइयों का टीका कर उनकी लंबी उम्र की कामना की, भाइयों ने भी रक्षा करने का वचन दिया। इस दौरान यहां काफी अव्यवस्था का माहौल रहा।
जिला कारागार में करीब एक हजार से अधिक बंदी निरुद्ध हैं। इन बंदी भाइयों से मिलने के लिए बहनें भैयादूज पर बृहस्पतिवार को जेल पहुंची थीं। सुबह से ही जेल के बाहर भीड़ रही। प्रवेश द्वार पर हाथ में मुहर लगवाने के लिए भी महिलाओं को खासा परेशान होना पड़ा। सुरक्षा को लेकर पुलिस कर्मियों की अलग-अलग स्थानों पर ड्यूूटी लगाई गई थी। जेल के गेट पर मिठाई, फल चेक करने के बाद ही बहनों को उसे अंदर जेल में ले जाने की अनुमति दी गई। जेल के बाहर बहनों के लिए अधिकारियों ने कोई खास इंतजाम नहीं किए। पीने के पानी के इंतजाम नाकाफी थे। जेल अधिकारियों का कहना है कि शाम चार बजे तक करीब आठ सौ बहनें जेल पहुंचकर भाइयों का टीका कर चुकी थीं। संवाद