केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) 12 वीं का रिजल्ट रविवार दोपहर घोषित हो गया। शहर के बेनहर पब्लिक स्कूल की छात्रा और नगर के मोहल्ला आवास विकास निवासी मेडिकल स्टोर व्यवसायी अनूप जौहरी की पुत्री अंशुमी जौहरी ने 97 फीसदी अंक प्राप्त कर जिला टॉपर होने का गौरव प्राप्त किया। वह भविष्य में आईएएस अधिकारी बन देश सेवा करना चाहती हैं। इसी विद्यालय के अभिषेक कुमार गंगवार, लायंस बाल विद्या मंदिर स्कूल के निखिल सक्सेना, स्प्रिंगडेल कॉलेज के मो. उमेर अनीस ने 96 फीसदी अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिले में दूसरा और लिटिल एंजिल्स के हर्षित अग्रवाल व लायंस विद्या मंदिर के जितेंद्र सिंह ने 95 फीसदी अंक प्राप्त कर संयुक्त रूप से जिले में तीसरा स्थान प्राप्त किया। जिले के सभी 11 विद्यालयों से 905 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए थे। इनमे से 854 विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे। इस तरह जिले का ओवरऑल रिजल्ट 94.36 फीसदी रहा।