उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2017 की घोषणा के दूसरे दिन पुलिस अधीक्षक कार्यालय से पांच पुलिस कर्मियों के तबादले कर दिए गए। सूत्रों के अनुसार तबादला बैक डेट में किया है। हालांकि एसपी कार्यालय के अनुसार तबादला आचार संहिता लागू होने के पहले कर दिया गया था। बृहस्पतिवार सुबह एसपी के पीआरओ राजेश मौर्य ने पांच पुलिसकर्मियों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किए जाने की जानकारी मीडिया को दी गई। इनमें शहर कोतवाल इंद्र सिंह को हटाकर क्राइम ब्रांच भेजा गया है। उनके स्थान पर मनोज कुमार को कोतवाल बना दिया गया। एसएसआई कोतवाली एके सिंह को हटाकर एसएसआई न्यूरिया, क्राइम ब्रांच से रेहान खां को एसएसआई कोतवाली बनाया गया। सीओ बीसलपुर की पेशी में तैनात एसआई श्रीकांत सत्यार्थी का न्यूरिया किया गया तबादला निरस्त कर दिया गया है। बुधवार दोपहर में आचार संहिता लागू हो चुकी थी। इसके बाद तबादला सूची जारी होने पर यह चर्चाओं का विषय बना रहा। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह काम आननफानन में किया गया। यह तबादला आचार संहिता से पहले किया गया होता तो इसकी जानकारी मंगलवार या बुधवार को दे दी जाती। इस संबंध में अधिकारी बात करने से बचते रहे। पीआरओ राजेश मौर्या ने कहा कि तबादले आचार संहिता लागू होने से पहले ही कर दिए गए थे। रवानगी व आमद भी पुलिस कर्मियों ने कर ली थी। लेकिन शाम को शाम को रवानगी और आमद की बात पर कुछ नहीं बोले।