पीलीभीत। अगले माह अक्तूबर में त्योहारों की शुरूआत हो जाएगी। दुर्गा पूजा, नवरात्रि जैसे बड़े त्योहार आने वाले हैं। ऐसे में बैंकों की छुट्टियां भी होंगी। यदि अक्तूबर महीने में आपको बैंक में जाकर कोई काम करवाना है तो पहले बैंकों की छुट्टियों के बारे में जान लें। शनिवार और रविवार को मिलाकर अक्तूबर में कुल नौ दिनों के लिए बैंक बंद रहेेंगे। ऐसे में आप बैंक से जुड़े कामकाज समय रहते निपटा लें ताकि आपको त्योहार में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। स्टेट बैंक के शाखा प्रबंधक अजीत कुमार ने बताया कि बैंकों में छुट्टी की शुरूआत दो अक्तूबर गांधी जयंती के साथ होगी। इसके अलावा चार अक्तूबर को रविवार, 10 को महीने का दूसरा शनिवार, 11 और 18 को रविवार की छुट्टी होगी। 23 अक्तूबर को दुर्गा पूजा, 24 को दशहरा और 25 को रविवार के चलते बैंक बंद रहेंगे। इसके अलावा 30 अक्तूबर को बारावफात पर बैंकों में छुट्टी रहेगी। संवाद