पीलीभीत। कूटरचित तरीके से एक ही अभिलेख पर कई अपराधियों की जमानत लेने के मामले में न्यूरिया पुलिस ने 17 नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी पीलीभीत, बरेली के अलावा गाजियाबाद और छत्तीसगढ़ के रहने वाले हैं। दो को जेल भेजने के बाद पुलिस अन्य की तलाश में जुटी है।
न्यूरिया थाने में पुलिस की ओर से दर्ज रिपोर्ट में कहा गया कि थाना पुलिस को विधिक स्रोतों से सूचना मिली थी कि कुछ लोग आर्थिक व अनुचित लाभ प्राप्त करने के उद्देश्य से कई आरोपियों की जमानतें एक ही बंधपत्रों पर स्वीकृत करा रहे हैं। इनमें हत्या का प्रयास, महिलाओं से छेड़खानी, लूट, गोवध अधिनियम व आबकारी एक्ट जैसे गंभीर अपराधों के दर्ज मुकदमों में जेल गए आरोपी भी शामिल हैं।
न्यायालय में एक ही अभिलेख दाखिल किया गया। न्यायालय को गुमराह करते हुए पूर्व में ली गई जमानतों का भी कोई उल्लेख जमानत लेते समय नहीं किया गया। बयान हलफी में अन्य मुकदमा में जमानतदार न होने की सूचना अंकित कराई गई। उक्त लोगों का एक संगठित गिरोह है। इसके बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की।
नामजद आरोपियों में न्यूरिया के जनकपुरी गांव निवासी बाबूराम और अंगनलाल ने कुख्यात अभियुक्त रामाशंकर कुशवाहा उर्फ पप्पू निवासी बेलवा आलमदास थाना पटहेरवा जनपद कुशीनगर हाल निवासी गरिमा गार्डन थाना टीला मोड़ जिला गाजियाबाद की जमानत ली थी। आरोपी 30 जनवरी 2024 की रात में थाना पूरनपुर क्षेत्र में सुनील कुमार गुप्ता की दुकान और मकान में डकैती की घटना में शामिल था।
000
ये आरोपी नामजद
पुलिस ने बिलसंडा के गांव बमरौली निवासी संजू देवी, न्यूरिया के गांव मैदना निवासी अंगनलाल, गांव जनकपुरी निवासी बाबूराम, गांव मैदना निवासी भगवानदास, गांव जटपुरा निवासी मदन, दीनदयाल और संतोष, बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी प्रेम किशन, शहर के मोहल्ला शेर मोहम्मद निवासी विजय कुमार सैनी, मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी इरफान कुरैशी का नाम शामिल किया है। छत्तीसगढ़ के जनपद बिलासपुर के थाना तोरवा क्षेत्र के सूर्यवंशी काॅलोनी निवासी शशी श्रीवास्तव, कुशीनगर के थाना कटेरवा के गांव बेलवा आदमदास हाल निवासी जनपद गाजियाबाद के थाना टिल्ला मोड़ के गरिमा गार्डन निवासी रामाशंकर कुशवाहा, बरेली के थाना बिथरी चैनपुर के गांव दोहरिया चंद्रपुर निवासी पारस, इज्जतनगर थाना क्षेत्र के गांव परतापुर निवासी जफर उर्फ रमन, सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के गांव बरहा निवासी पवन, बल्लभनगर कॉलोनी निवासी सर्वजीत भी रिपोर्ट में नामजद हैं। गांव किशनपुर निवासी रामपाल को भी नामजद किया गया है। पुलिस ने डकैती की घटना में शामिल बदमाश की जमानत लेने वाले आरोपी बाबूराम और अंगनलाल को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया गया है।
00
वर्जन
न्यूरिया थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपियों के बारे में विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी। - अविनाश पांडेय, एसपी