विधानसभा चुनाव की सुरक्षा तैयारी की समीक्षा बैठक चाय नास्ते के साथ औपचारिकताओं में सिमट कर रह गई। अफसर आते जाते रहे। समीक्षा के दौरान अंदर अफसर तो बाहर मातहत चाय नास्ता कर गपशप करते रहे। वहीं गैर जनपद से आए पुलिस बल के एक अधिकारी की बीसलपुर तक पहुंचने के गाड़ी न मिलने पर एएसपी से तीखी बहस होती रही। जिससे बैठक का माहौल ही बदला सा दिखा। विधानसभा चुनाव को सकुशल निपटाने के लिए जिले के अधिकारियों ने किस तरह तैयारी कर रखी है। इसकी समीक्षा करने के लिए देर शाम डीआईजी आशूतोष कुमार पीलीभीत पहुंचे। अफसर भी पहले से ही बैठक को लेकर दौड़-भाग में लगे रहे। कागजों को दुरुस्त किया जाता, लेकिन जब बैठक की शरुआत हुई तो यह सिर्फ औपचारिकता मात्र रही। डीआईजी के आते ही चाय-नास्ता शुरू हो गया। जो बैठक के अंत तक जारी रहा। अफसर चाय नास्ता करते रहे और चुनाव की समीक्षा भी पूरी हो गई। इधर गैर जनपद से आ रहे फोर्स की आवाजाही भी जारी थी। इस बीच बाहर से आए फोर्स के एक अधिकारी काफी देर तक बीसलपुर पहुंचने के लिए गाड़ी तलाशते रहे। अधिकारियों से बातचीत की गई, लेकिन उनको गाड़ी नहीं मिल सकी। जिसके बाद एक तरफ कमरे में डीआईजी समीक्षा कर रहे थे और बाहर एएसपी व गाड़ी न मिलने से गुस्साए बाहरी फोर्स के अफसर के बीच तल्ख बहस तेज आवाज में होने लगी। डीआईजी के समक्ष समीक्षा करा रहे अफसर भी ताक-झांक कर इसको जानने की जुगत में लग गए। बाद में गाड़ी से सिर्फ बीसलपुर तक छुड़वाने की बात कहकर अफसरों ने मामला शांत कराया।