पीलीभीत। शहर के मोहल्ला बशीर खां और मदीना शाह में होलिका दहन की जमीन पर फर्जी बैनामे के सहारे कब्जे की कोशिश की जा रही है। मोहल्ले के लोगों ने डीएम से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है। आरोप है कि इससे पहले भी कई बार आरोपी कब्जे का प्रयास कर चुके हैं।
मोहल्ला बशीर खां व मोहल्ला मदीना शाह निवासी शेर सिंह, अर्जुन यादव, रोहित, प्रसादी, लक्ष्मी, किशन, छोटेलाल आदि ने मंगलवार को डीएम को संबोधित पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इसमें कहा गया है कि मोहल्ले के मध्य नाले के पास सड़क किनारे खाली जमीन है। इस पर 50 वर्षों से होलिका दहन व होली मिलन समारोह होता आ रहा है। कुछ लोग अब इस जमीन पर कब्जा करना चाहते हैं।
आरोपियों ने जमीन का फर्जी बैनामा कराकर अवैध तरीके से कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी है। आरोपियों ने वास्तविक तथ्यों को छिपाकर नक्शा भी नियत प्राधिकारी कार्यालय से पास करवा लिया और जबरन निर्माण करने का प्रयास कर रहे हैं। इस संबंध में पहले भी शिकायत की गई थी। जांच के बाद 26 अगस्त 2017 को तत्कालीन सिटी मजिस्ट्रेट ने नक्शा निरस्त करते हुए निर्माण पर रोक लगा दी थी।