कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करती आशा कार्यकत्री । संवाद
पीलीभीत। बृहस्पतिवार को प्रांतीय आह्वान पर आशा कार्यकर्ता मेडिकल कॉलेज में एकत्र हुईं। यहां से अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में कलक्ट्रेट पहुंचीं। यहां धरना-प्रदर्शन कर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा।
उत्तर प्रदेश आशा वर्कर्स यूनियन के बैनर तले जिले की आशा कार्यकर्ता सुबह मेडिकल कॉलेज परिसर में एकत्र हुईं। यहां से जिलाध्यक्ष इदरीशन के नेतृत्व में जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंची। यहां धरना-प्रदर्शन किया। जिलाधिकारी के न मिलने पर अतिरिक्त मजिस्ट्रेट विजय कुमार को मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि आशा और संगिनियों से कई वर्षों से काम लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें स्वास्थ्य कर्मचारी घोषित नहीं किया जा रहा।
ज्ञापन में आशा और संगिनियों को सरकार से तय न्यूनतम मानदेय 21000 रुपये प्रति माह देने, गोल्डन आयुष्मान कार्ड, टीबी, कुष्ठ अभियान, पोलियो अभियान, हेल्थ प्रमोशन आदि कार्यों में योगदान की कई वर्षों से बकाया प्रोत्साहन राशि का भुगतान कराने, मुख्यमंत्री प्रतिपूर्ति राशि 1500 रुपये मासिक का तत्काल भुगतान करने, वेलनेस सेंटर का परफॉर्मेंस इंसेटिव का भुगतान करने, वर्ष 2017 से अब तक सेवा के दौरान दुर्घटना एवं अन्य कारणों से जान गंवाने वाली आशा और संगिनियों के आश्रितों को पांच-पांच लाख रुपये मुआवजा देने आदि की मांग की गई है। इस दौरान चंद्रावती, राखी देवी, अनीता शर्मा, रेखादेवी, नीतू सिंह आदि मौजूद रहींं।