पक्की पटरी पर छुटृा पशु को पकड़ा बाघ । स्रोत - वीडियो ग्रैब
जंगल सफारी की दोनों शिफ्टों में हो रहे बाघ के दीदार
संवाद न्यूज एजेंसी
कलीनगर। तापमान बढ़ने के साथ ही वन्यजीव जंगल क्षेत्र के ठंडे इलाकों की ओर रुख कर रहे है। वहीं चूका बीच पहुंचने वाले सैलानियों को जंगल सफारी के दौरान पिछले तीन दिन से सुबह-शाम दोनों शिफ्टों में बाघ के आसानी से दीदार हो रहे है। एक दिन पूर्व सैलानियों के सामने बाघ ने छुट्टा पशु का शिकार भी किया था। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
महोफ रेंज के कोर एरिया में स्थित चूका बीच का पर्यटन सत्र जारी है। जिले के अलावा बाहरी सैलानी प्रतिदिन चूका बीच व जंगल सफारी का आनंद लेने पहुंच रहे है। गर्मी की वजह से दिन में तेज धूप के दौरान बाघ आराम करते है। वहीं सुबह और शाम बाघ जंगल क्षेत्र में विचरण करते है।
इसके चलते इस समय चूका बीच पहुंचने वाले सैलानियों को जंगल सफारी के दौरान आसानी से बाघ के दीदार हो रहे हैं। इससे चूका बीच भ्रमण करने पहुंच रहे सैलानियों में काफी उत्साह है। वहीं सफारी की जिम्मेदारी संभाल रहे वाहन चालक व गाइड भी काफी खुश हैं। इस समय कच्ची और पक्की पटरी पर बाघों के अधिक दीदार हो रहे हैं।
शनिवार को सफारी के दौरान सैलानियों के सामने बाघ छुट्टा पशु पर हमलावर हो गया। पशु को मारने के बाद जंगल में खींच ले गया। सैलानियों ने वीडियो बनाकर वायरल कर दी। रविवार को भी नहर किनारे झाड़ियां में आराम करते बाघ का वीडियो वायरल हुआ। रेंजर सहेंद्र यादव ने बताया कि गाइड और चालकों को नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।