पीलीभीत। डग्गामार वाहनों के विरुद्ध अभियान चलाकर एआरटीओ ने निजी इको वाहनों को व्यावसायिक रूप में चलते हुए पकड़ा। इसके अलावा अन्य वाहनों के कागज पूरे न होने पर उन्हें सीज कर थानों में खड़ा करा दिया।
जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसके अंतर्गत एआरटीओ वीरेंद्र सिंह ने बीसलपुर में डग्गामार वाहनों की चेकिंग की। चेकिंग में छह इको वाहन जोकि प्राइवेट वाहन के रूप में परिवहन कार्यालय में पंजीकृत हैं, लेकिन व्यावसायिक वाहन के रूप में सवारियों का परिवहन कर रहे थे। ऐसे वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए एक वाहन को असम पुलिस चौकी व दो वाहनों को कोतवाली बीसलपुर में सीज किया गया।
इसके अलावा तीन अन्य वाहनों के विरुद्ध चालान की कार्रवाई अमल में लाई गई। चेकिंग के दौरान एक ऑटो टेंपो जिसके प्रपत्र अपूर्ण पाए गए। उसको बीसलपुर थाने में सीज किया गया। चेकिंग अभियान में वाहनों के खिलाफ की गई कार्रवाई से 62 हजार रूपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया।