पीलीभीत। बीसलपुर तहसील क्षेत्र के गांव इलाबांस में इलाबांस देवल मंदिर को पुरातत्व विभाग संरक्षण में लेगा। इसको लेकर पूर्व में तीन बार एसडीएम बीसलपुर से मंदिर को लेकर राजस्व अभिलेखों को मांगा जा चुका है। जो अभी तक उपलब्ध नहीं कराए गए हैं। अब चौथी बार फिर आठ मई को पत्र भेजकर डीएम से अभिलेखों को मांगा गया है। अभिलेख न मिलने से प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है।
सामाजिक कार्यकर्ता शिवम कश्यप ने राज्य पुरातत्व विभाग से प्राचीन इलाबांस मंदिर का संरक्षण करने और ऐतिहासिक धरोहरों में शामिल करने को लेकर पत्राचार किया था। पत्राचार के बाद राज्य पुरातत्व विभाग की ओर से मंदिर को संरक्षण में लेने की बात कही गई थी। इसके लिए विभाग की निदेशक रेनू द्विवेदी ने एसडीएम बीसलपुर को पहली बार 18 जनवरी को पत्र भेजकर मंदिर से संबंधित राजस्व अभिलेखों को मांगा था।
15 फरवरी को रिमाइंडर भेजा। फिर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। तीसरी बार फिर से आठ मई पत्र भेजा गया। इसके बाद भी अभिलेख न मिलने पर अब निदेशक ने जिलाधिकारी को पत्र जारी किया गया है। पत्र आने के बाद सामाजिक कार्यकर्ता ने डीएम के न होने पर सिटी मजिस्ट्रेट विजय वर्धन तोमर को जानकारी दी। इस पर उन्होंने एसडीएम बीसलपुर से बात की। एसडीएम ने बताया कि अभिलेखों को भेजा जा चुका है।