बीएसए कार्यालय सभागार में वार्षिक कार्य योजना और बजट वर्ष 2016-17 को लेकर हुई कार्यशाला में बीएसए ने तथ्यपरक बजट बनाने के निर्देश दिए।
सभागार में सोमवार को हुई कार्यशाला के दौरान बीएसए अंबरीष कुमार यादव ने बताया कि आगामी वर्ष 2016-17 की वार्षिक योजना व बजट बनाते महत्वपूर्ण कार्यों को प्राथमिकता दें। इसके बाद ही कार्ययोजना बनाएं। इस दौरान जिले में कितने नए प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल खोले जाने हैं, किन विद्यालयों में बाउंड्रीवाल और नए कमरों का निर्माण होना है आदि पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में कराए जाने वाले कार्यों को लेकर भी बीएसए ने दिशा निर्देश दिए। आगामी शैक्षिक सत्र में कितने बच्चों को यूनिफार्म और नि:शुल्क पुस्तकों को वितरण किया जाना है, इसको भी शामिल करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सर्व शिक्षा अभियान के समन्वयक राकेश पटेल, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद गंगवार, उमेश गौतम, पीएस राणा, डीएल राणा, लक्ष्मीनरायन समेत सभी जिला व ब्लाक समन्वयक मौजूद रहे।