पशुपालन विभाग में शुरू हुई बहुद्देशीय सचल सेवा
पशुओं के इलाज के लिए अब पशुचिकित्सा विभाग गांव में पहुंचेगा। इसके लिए तहसील स्तर पर बहुउद्देशीय सचल वाहन उपलब्ध कराए हैं। मंगलवार को खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने सदर पशु चिकित्सालय से वाहनों को झंडी दिखाकर रवाना किया। पशुपालन विभाग की ओर से प्रारंभ हुई बहुउद्देशीय सचल पशु चिकित्सा सेवा के तहत जिले की प्रत्येक तहसील के लिए उपलब्ध कराए गए वाहनों का शुभारंभ करते हुए पूर्व खाद्य एवं रसद राज्यमंत्री हेमराज वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार की मानव चिकित्सा के लिए एंबुलेंस 108 व 102 और अपराध नियंत्रण के लिए डॉयल 100 की तर्ज पर पशु चिकित्सा के लिए सचल सेवा शुरू की है। इससे पशुओं का इलाज और बेहतर तरीके से गांव में ही कराया जा सकेगा। इससे पूर्व मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ज्ञान प्रकाश सिंह ने बताया कि बहुउद्देशीय सचल पशु चिकित्सा सेवा के नाम से शुरू हुई इस योजना के तहत जिले को तीन गाड़ियां उपलब्ध कराई गई हैं जबकि दो गाड़ियां शीघ्र मिलने वाली हैं। उन्होंने बताया कि सचल वाहन में पशुपालन विभाग का स्टाफ उपकरणों के साथ मौजूद रहेगा और जरूरत पड़ने पर संबंधित गांव पहुंचकर पशु चिकित्सा एवं इससे संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इस मौके पर मरौरी ब्लाक प्रमुख अरुण वर्मा, सपा जिला उपाध्यक्ष नरेंद्र मिश्रा कट्टर, डिप्टी सीवीओ डॉ. लक्ष्मी प्रसाद, पशुचिकित्साधिकारी डॉ. एसके राठौर, राजा बहादुर, मलखान सिंह, योगेंद्र गंगवार आदि मौजूद रहे।