थाना गेट पर धरने पर बैठे टेंट स्वामी और उनका परिवार । संवाद
पीलीभीत/बिलसंडा। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद भी टेंट का सामान बरामद न होने से गुस्साए कारोबारियों ने इंस्पेक्टर पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए थाने के गेट पर धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान उनकी पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई। आधा घंटे बाद स्थानीय लोगों के समझाने पर धरना समाप्त कर दिया गया।
बिलसंडा क्षेत्र के खंदनिया बाबा देवस्थल के समीप रहने वाले राजीव शर्मा ने कस्बा समेत क्षेत्र की करीब 10 टेंट की दुकानों से सामान किराए पर लिया था, लेकिन बाद में उसने न सामान लौटाया और न किराया दिया। कारोबारियों ने किराया मांगा तो आरोपी ने उन्हें आज-कल कहकर टालना शुरू कर दिया। इस पर कारोबारियों ने राजीव के खिलाफ थाना बिलसंडा में रिपोर्ट दर्ज करा दी। बुधवार को एक माह बाद बिलसंडा पुलिस ने राजीव को बरेली से गिरफ्तार कर लिया।
राजीव की गिरफ्तारी के बाद भी पुलिस उससे टेंट का सामान बरामद नहीं कर सकी है। इससे गुस्साए कारोबारी बृहस्पतिवार सुबह 10:30 बजे परिजनों के साथ थाने पहुंचे और इंस्पेक्टर पर आरोपी को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए गेट पर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान कारोबारियों की पुलिस से नोकझोंक हुई। आधा घंटे बाद कस्बे के संभ्रांत लोगों के समझाने पर धरना खत्म कर दिया गया। इंस्पेक्टर अजय कुमार ने बताया कि आरोपी का चालान कर उसे जेल भेज दिया गया है।
इंस्पेक्टर पर पहले भी लग चुके हैं आरोप
बिलसंडा इंस्पेक्टर पर पहले भी कई घटनाओं में मनमानी कार्रवाई करने के आरोप लग चुके हैं। हाल ही में एक आरोपी को थाने से छोड़ दिया गया था। इसकी कई दिनों तक चर्चा रही। कई मामलों में फजीहत होने पर उन्हें बैकफुट पर भी आना पड़ा है।