कलेक्ट्रेट में जानकारी देते हुए भावुक हुई ज्ञानवती शर्मा । संवाद
पीलीभीत। बरखेड़ा ब्लाॅक क्षेत्र के गांव महद खास के आंगनबाड़ी केंद्र पर तैनात आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अधिकारियों के उत्पीड़न से परेशान है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हो सकी। महिला ने जल्द कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। इस मामले में डीएम का कहना है कि जांच के बाद शीघ्र ही संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ज्ञानवती शर्मा ने जिलाधिकारी को दिए गए पत्र में कहा है कि वह विगत 18 वर्ष से इस पद पर तैनात हैं और ईमानदारी से काम कर रही हैं। आरोप है कि जिला कार्यक्रम अधिकारी और क्षेत्र की सुपरवाइजर के खिलाफ जब उसने शिकायत की तो दोनों ने धमकी दी। यहां तक कि उनसे इस्तीफा देने के लिए भी कहा।
महिला ने दोनों अधिकारियों पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। साथ ही जल्द ही कार्रवाई न होने पर आत्मदाह की चेतावनी दी है। जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जाएगी। महिला के आरोप सही हैं तो इसमें संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई होगी।