बीसलपुर। बच्चे की आंख में डंडा मारने के मामले में चिकित्सक ने आंख खराब होने की बात कही। इस पर शिकायत करने पहुंची महिला के साथ आरोपी पक्ष ने अभद्रता करते हुए जान से मारने की धमकी दी। मामले की तहरीर पुलिस को दी गई है।
दियोरिया कोतवाली क्षेत्र के गांव टिहरी निवासी राजेश्वरी देवी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 19 अप्रैल 2024 को वह छह वर्षीय बेटे संजीव के साथ दरवाजे पर खड़ी हुईं थीं। तभी गांव के एक दबंग ने आकर बेवजह गाली गलौज की और बेटे की आंख में डंडा मार दिया है, जिससे वह घायल हो गया। उपचार के दौरान चिकित्सक ने आंख खराब हो जाने की बात कही। इस पर शनिवार को वह आरोपी के घर शिकायत करने गई, तो आरोपी और उसके पिता ने उसके साथ गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। तहरीर मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।