जहानाबाद (पीलीभीत)। 20 दिन पूर्व ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन पर बिना अनुमति लगाई गई आंबेडकर की प्रतिमा को सोमवार शाम को एसडीएम और सीओ के नेतृत्व में पुलिस फोर्स ने हटवा दिया। मामले में लेखपाल यूनुस अली की ओर से थाने में रिपोर्ट भी दर्ज कराई गई है। विरोध में ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के विरोध में नारेबाजी भी की। तनाव को देखते हुए पुलिस फोर्स तैनात किया गया है।
थाना क्षेत्र के बरात बोझ गांव में 20 दिन पूर्व ग्राम समाज की खाली पड़ी जमीन पर डाॅ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापित की गई थी। जानकारी के बाद राजस्व कर्मियों ने अफसरों को रिपोर्ट दी। सोमवार शाम एसडीएम अमरिया अजीत प्रताप सिंह और सीओ विधि भूषण पुलिस फोर्स के साथ गांव पहुंचे। टीम को आता देख कुछ ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रतिमा हटाने का विरोध किया।
बावजूद इसके कड़ी सुरक्षा के बीच प्रतिमा को वहां से हटाकर तिरपाल से ढककर वाहन से भेज दिया।
इसके बाद गांव में माहौल तनाव पूर्ण हो गया। जिस पर एहतियात के तौर पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया। एसडीएम अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि बिना अनुमति प्रतिमा लगाने पर उसे हटाया गया है।