पीलीभीत। अमरिया ब्लॉक में दो कोरोना संक्रमित मिलने के बाद शासन के निर्देश पर अमरिया कस्बे के हॉटस्पॉट चिह्नित किया गया था। जिला प्रशासन के निर्देश पर 16 दिन पूर्व कस्बे को सील कर दिया गया। स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने घर घर जाकर लोंगो का स्वास्थ्य परीक्षण किया। कस्बे के करीब 2 किलोमीटर की परिधि में रह रहे लोगों की जांच भी की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 1765 घरों में 10578 लोगों की जांच की गई। इसके अलावा ब्लॉक के सभी 18 गांवों को भी सैनिटाइज किया गया। इधर अमरिया कस्बे के हॉटस्पॉट के 14 दिन पूरे होने और सभी लोगों की जांच पूरी होने के बाद सीएमओ डॉ सीमा अग्रवाल ने इसकी जानकारी जिला प्रशासन को दी। शनिवार को डीएम वैभव श्रीवास्तव ने बताया कि इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग से जानकारी ली जा रही है। हॉटस्पॉट क्षेत्र की स्थिति का आकलन कर ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।