पहाड़ी इलाकों पर हुई बर्फबारी का असर तराई के जिले में भी देखने को मिल रहा है। लगातार दो दिन से पड़ रही कड़ाके की ठंड तीसरे दिन भी जारी रही। पूरा जिला सुबह से लेकर शाम तक कोहरे की चादर से ढका रहा। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पारे में गिरावट का सिलसिला अभी बना रहेगा। दिसंबर बीतने के बाद लोगों ने ठंड में बढ़ोत्तरी की उम्मीद छोड़ दी थी। इस बीच पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से करीब तीन दिन पूर्व जिले में मौसम ने करवट ली। कोहरे व ठंडी हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर विवश कर दिया है। शुक्रवार को भी यह क्रम जारी रहा। अल सुबह से ही ठंडी हवाओं का दौर शुरू हो गया। यह शाम तक चलता रहा। पूरे दिन धूप नहीं दिखाई दी। दृश्यता कम होने से राजमार्गों पर चलने वाले भारी वाहनों की रफ्तार भी कम रही। दिन का अधिकतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इधर शहर के बाजार में अन्य दिनों की अपेक्षा भीड़ भी कम देखी गई। हां गर्म कपड़ों की खरीदारी में इजाफा देखा गया।