दस जुलाई से सावन शुरू होंगे। कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन की ओर से बृहस्पतिवार को अलर्ट जारी कर दिया गया। डीएम शीतल वर्मा की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा की। इस दौरान समस्त विभागों को जिम्मेदारी के साथ अव्यवस्थाएं दूर करने के निर्देश दिए गए। दस जुलाई से पवित्र सावन शुरू हो रहे हैं। शिव भक्तों की कांवड़ यात्रा के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो, इसके लिए बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार कक्ष में डीएम की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। इसमें डीएम शीतल वर्मा ने कहा कि सावन में कांवड़ यात्रा और मंदिरों में विशेष सतर्कता बरती जाए। अव्यवस्थाओं को समय रहते दूर कर लिया जाए। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए पुलिस अधिकारी खाका बना लें। इसमें सुरक्षा के अलावा यातायात व्यवस्था पर भी गंभीरता से काम करें। कांवड़ियों के रास्तों पर रूट डायवर्जन को लेकर पहले से तैयारी पूरी करें। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार डीजे का प्रयोग कराएं। तेज ध्वनि वाले लाउडस्पीकर, डीजे का प्रयोग न हो। अस्पताल में दवाओं और चिकित्सकों की पूरी टीम अलर्ट रहे। रास्तों पर खानपान की शुद्धता की भी समय-समय पर जांच करने के निर्देश फूड इंस्पेक्टर को दिए गए। मंदिरों में नियमित पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहे। कांवडिय़ों के दगड़े को पुख्ता बंदोबस्त के बीच सकुशल मंदिरों तक पहुंचाएं। कांवड़ यात्रा के रूट और कांवडिय़ों के ठहरने के स्थान पर साफ-सफाई, गड्ढे पाटने का काम माह की शुरूआत से पहले निपटा लिया जाए। खुराफातियों की निगेहबानी के साथ ही चिन्हीकरण कर कानूनी शिकंजा कसें। इस मौके पर एडीएम एके सैनी, एएसपी रोहित मिश्रा, सीओ सदर धर्म सिंह मार्छाल, एसडीएम सदर पूर्णिमा सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट, सीएमओ ओपी सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रभात जायसवाल आदि मौजूद रहे।