जहानाबाद। अल्कोहल से भरा टैंकर पलट जाने से जहानाबाद में नैनीताल हाईवे पर तीन घंटे आवागमन प्रभावित रहा। सूचना पर आबकारी विभाग के निरीक्षक आशुतोष और मनीष तिवारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस की मदद से टैंकर को हटवाकर जैसे-तैसे यातायात सुचारू कराया।
गोरखपुर से काशीपुर जा रहा अल्कोहल भरा टैंकर पूर्वाह्न 11 बजे नैनीताल हाईवे पर जहानाबाद में मजार के पास असंतुलित होकर पलट गया। इससे हाईवे पर यातायात बाधित हो गया। सूचना मिलते ही आबकारी विभाग की टीम के निरीक्षक आशुतोष और मनीष तिवारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मामले की सूचना फायर ब्रिगेड और पुलिस को दी।
तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टैंकर को हटाया जा सका। इस बीच वहां का यातायात भी बाधित रहा। टैंकर में भरा अल्कोहल सड़क किनारे गड्ढों में भर गया। आबकारी विभाग ने गड्ढों में भरे अल्कोहल के ऊपर जेसीबी से मिट्टी डलवा दी, ताकि लोग उसे भरकर न ले जा सकें।