चिन्हित संरक्षित पशु माफिया की दुकानों को कुर्क करती पुलिस।स्रोत:पुलिस
पूरनपुर (पीलीभीत)। प्रदेश स्तरीय चिह्नित माफिया शेरपुरकलां निवासी एजाज की पुलिस ने सोमवार को मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 50 लाख से अधिक की संपत्ति कुर्क कर दी। इसमें 22,69000 रुपये कीमत का शेरपुर कलां स्थित कृषि फार्म और पूरनपुर के मोहल्ला रजागंज में स्थित 41,31000 रुपये की दो दुकानें शामिल हैं। इससे पहले भी पुलिस उसकी काफी संपत्ति कुर्क कर चुकी है। वर्तमान में एजाज जेल में है।
सोमवार को पुलिस ने शेरपुरकलां में पहुंचकर ढोल बजवाकर माइक से इस आशय की घोषणा की। कोतवाल ने बताया कि शेरपुरकलां निवासी एजाज ने गैंग बनाकर संरक्षित पशुओं की हत्या और मांस बिक्री कर संपत्ति अर्जित की है। उसके खिलाफ कोतवाली के अलावा अन्य थानों में कई मुकदमा दर्ज है।
प्रदेश स्तर की माफिया सूची में उसका नाम शामिल है। उसका शेरपुर कलां स्थित कृषि फार्म और पूरनपुर के मोहल्ला रजागंज में स्थित दो दुकानें कुर्क की जा रही हैं। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि एजाज की इससे पहले भी लाखों की संपत्ति कुर्क की जा चुकी है।