पीलीभीत। अग्निपथ योजना के खिलाफ पूरे देश में हलचल मची है। जिले में कोई विवाद की स्थिति न पैदा हो इसके लिए पुलिस और प्रशासन अपनी तैयारी मजबूत कर रहा है। सोमवार को सभी कोचिंग संचालकों को ऐसे अभ्यर्थियों की सूची के साथ तलब किया गया है जो प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। छात्रों के नाम और पते भी मांगे गए हैं। डीआईओएस ओपी सिंह ने बताया कि जिले के सभी कोचिंग संचालकों को सोमवार चार बजे पुलिस लाइन सभागार में बुलाया गया है। उनको निर्देश दिए हैं कि वह अपने यहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों की सूची लेकर आएं। सूची में उनके नाम, पते, मोबाइल नंबर सारी जानकारी होनी चाहिए।