तराई में अभी खूनी बाघ की दहशत लोगों के जेहन से मिटी भी नही थी कि हाथियों ने भी दस्तक देनी शुरू कर दी है।। नेपाल सीमा से सटे इलाके के गुन्हान पांच नंबर गौढ़ी में बीती रात जंगली हाथियों की दस्तक से दहशत फैल गई। हाथियों ने उत्पात मचाते हुए किसान दर्शन सिंह के खेत पर खड़े ट्रैक्टर को पलट दिया और उसका झोपड़ीनुमा घर भी तहस नहस कर दिया। यहां करीब तीन माह पूर्व शारदा नदी के किनारे एक जंगली हाथी की मौत भी हो चुकी है। नेपाल की सेंच्युरी शुक्ला फांटा व दुधवा नेशनल पार्क की ओर से अकसर हाथियों का झुंड यहां आकर उत्पात मचाता रहता है। करीब तीन माह पूर्व भी जंगली हाथियों ने क्षेत्र में कई दिन तक उत्पात मचाते हुए फसलें तहस नहस कर दी थीं। उस दौरान करीब दो दर्जन से अधिक हाथी कई दिनों तक यहां आतंक मचाए थे। एक जंगली हाथी की उस समय मौत भी हो गई थी। हाथी की मौत पर वन महकमे में हड़कंप मच गया था। बरसात होने के चलते वन विभाग के अफसरों ने डॉक्टरों को मौके पर ले जाकर हाथी का पोस्टमार्टम कराने के बाद उसके शव को डीजल व लकड़ी डलवाकर जलवा दिया था। अब क्षेत्र में फिर हाथियों ने दस्तक देनी शुरू कर दी है। बताते हैं कि करीब चार हाथी पहले तो हजारा क्षेत्र में आतंक मचाते रहे और रविवार को गुन्हान के पांच नंबर गौढ़ी क्षेत्र जा धमके।