बीसलपुर पुलिस गिरप्त में आरोपी।स्रोत:पुलिस
बीसलपुर। कुंडल नोचकर भागने वाले युवक को शनिवार को देर रात पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।
16 अगस्त की शाम को मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी जगदेवी पत्नी मेवाराम के कुंडल एक उचक्के ने नोच लिए थे। जगदेवी ने इस संबंध में कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शनिवार को देर रात कोतवाली पुलिस की एक टीम गजरौला रोड पर गश्त कर रही थी। रास्ते में अमरा करोड़ मोड़ पर संदिग्ध हालात में खड़े एक युवक को पुलिस कर्मियों ने टोका तो उसने तमंचे से फायरिंग शुरू कर दी।
इस पर पुलिस की ओर से भी जवाबी फायरिंग की गई। ऐसे में एक गोली युवक के दाएं पैर में लगी। इसके बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। युवक ने अपना नाम सूरज उर्फ कालिया बताया। यह भी बताया कि वह मोहल्ला दुर्गाप्रसाद में रहता है।
युवक ने जगदेवी से कुंंडल लूटने की बात भी स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर लूटे गए कुंडल बरामद कर लिए। जिनको जगदेवी ने पहचान लिया। आरोपी के कब्जे से तमंचा, एक कारतूस और एक उसका खोका बरामद किया गया है।
कोतवाल अशोकपाल ने बताया कि पहले से ही दर्ज कुंडल लूट की घटना में युवक को नामजद कर लिया गया है। युवक पर बीसलपुर कोतवाली में विभिन्न गंभीर धाराओं के सात मुकदमे और भी दर्ज हैं। आरोपी का चालान कर दिया गया है। सीओ प्रतीक दहिया ने कोतवाली आकर आरोपी से पूछताछ की। उसकी मरहम पट्टी भी करा दी गई है।