विधानसभा चुनाव 2002 के पहले से प्रदेश में सपा के पक्ष में हवा बनी हुई थी लेकिन फिर भी पार्टी जिले में दो ही सीटें जीत पाई। शहर में हाजी रियाज अहमद जीते और बरखेड़ा में पीतमराम। बीसलपुर में बसपा के अनीस अहमद उर्फ फूलबाबू और पूरनपुर में भाजपा प्रत्याशी विनोद तिवारी निर्वाचित हुए। जिले में समाजवादी पार्टी मुख्य मुकाबले में रही। शहर सीट पर सपा के रियाज अहमद ने भाजपा के बीके गुप्ता को 9971 मतों से हराया। बरखेड़ा सीट पर सपा विधायक पीतमराम का कब्जा बरकरार रहा। उन्होंने भाजपा छोड़कर राष्ट्रीय क्रांति पार्टी से मैदान में उतरे अपने पुराने प्रतिद्वंद्वी पूर्व विधायक किशनलाल को 14225 मतों से हराया। बीसलपुर में बसपा विधायक अनीस अहमद ने 32266 मत पाकर कब्जा बरकरार रखा और कांग्रेस छोड़ राष्ट्रीय क्रांति पार्टी में शामिल हुए तेज बहादुर गंगवार को 7663 मतों से हराया। पूरनपुर में भाजपा के डॉ. विनोद तिवारी ने 43058 मत पाकर सपा के निवर्तमान विधायक गोपाल कृष्ण सक्सेना को परास्त किया। गोपाल कृष्ण को 34502 मत मिले। इस चुनाव में भाजपा छोड़कर कांग्रेस से शहर सीट के चुनाव में उतरी राजराय सिंह को 17805 मत ही मिले, वह तीसरे नंबर पर पहुंच गई।