हाई अलर्ट के बाद पुलिस ने की संदिग्धों की तलाश, होटल खंगाले
एटीएस द्वारा कानपुर से एक संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी के बाद मंगलवार देर शाम लखनऊ के ठाकुरगंज में एटीएस और संदिग्ध आतंकियों के बीच मुठभेड़ के बाद प्रदेश में हाई अलर्ट घोषित होते ही जिले में भी पुलिस महकमा सड़कों पर दौड़ पड़ा। अफसरों के साथ ही मातहत भी क्षेत्र के होटल, ढाबे रेलवे स्टेशन, रोडवेज आदि भीड़ वाले इलाकों में चेकिंग करने में जुट गए। सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सुनगढ़ी ंइंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह, कोतवाल ख्यालिराम आदित्य, एसआई शैलेंद्र सिंह, अभय कुमार पांडे पुलिस बल के साथ शहर के होटलों में पहुंचे। जहां पहले आईडी व अभिलेख चेक किए गए। इसके बाद कमरों में पहुंचकर वहां ठहरने वालों से पूछताछ की गई। उनके सामान की भी चेकिंग की गई। इसके अलावा सड़कों पर भी संदिग्धों से पूछताछ जारी रही। एसपी देवरंजन वर्मा ने बताया कि हाई अलर्ट पर चेकिंग कराई जा रही है।