पीलीभीत। होटल पर खाना खाने के दौरान हुई कहासुनी के बाद कर्मचारियों ने ग्राहक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई है।
सुनगढ़ी क्षेत्र के नौगवां पकड़िया नगर पंचायत के मोहल्ला नबीनगर निवासी आसिफ ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसके भाई नाजिम की मोहल्ला इस्लामनगर क्षेत्र में टायर रिपेयरिंग की दुकान है। 27 अगस्त की रात साढ़े 11 बजे उसका भाई हाईवे पर नासिर के होटल पर खाना खाने गया था। आरोप है कि होटल पर काम करने वाले जहानाबाद क्षेत्र निवासी जावेद से उसकी कहासुनी हो गई। जिस पर आरोपी ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। विरोध करने पर मारपीट भी की गई। होटल पर मौजूद अन्य लोगों ने बीच बचाव कराया। प्रभारी निरीक्षक पवन कुमार पांडेय ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।