पीलीभीत। बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल बरखेड़ा की ओर से गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान दिसंबर 2022 तक करने की कार्ययोजना विभाग ने खाजिर कर दी है। जिला गन्ना अधिकारी (डीसीओ) ने मिल को अक्टूबर के अंत तक समस्त भुगतान सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
डीसीओ जितेंद्र कुमार मिश्र ने बरखेड़ा की चीनी मिल के प्रबंध तंत्र से अब ऐसी कार्ययोजना मांगी हैं, जिसमें अक्टूबर अंत तक संपूर्ण बकाया (210 करोड़ रुपये) भुगतान करने का शेड्यूल हो। मुख्यमंत्री ने हाल ही में अगला पेराई सत्र शुरू होने से पहले ही संपूर्ण गन्ना मूल्य का भुगतान किसानों के बैंक खाते में भेजने के आदेश दिए हैं। गन्ना विभाग इस आदेश के पालन की प्रक्रिया में तेजी के साथ जुट गया है। उप गन्ना आयुक्त कार्यालय बरेली में हुई बैठक से लौटे डीसीओ ने बताया कि तीनों चीनी मिलों पर 248 करोड़ रुपये बकाया हैं। अगला पेराई सत्र अक्टूबर अंत और नवंबर के पहले सप्ताह में शुरू होगा। इससे पहले ही समस्त बकाया गन्ना मूल्य के भुगतान की कार्य योजना मांगी गई है।
अगर अक्टूबर के अंत तक समस्त गन्ना मूल्य का भुगतान बरखेड़ा की चीनी मिल नहीं करती है तो विधिक कार्रवाई शुरू हो जाएगी। पूरनपुर और बीसलपुर में सहकारी चीनी मिलें हैं, इनका भुगतान अक्टूबर से पहले ही कराए जाने की तैयारी है। -जितेंद्र कुमार, जिला गन्ना अधिकारी।
चीनी मिलों पर बकाया
- बीसलपुर की सहकारी चीनी मिल पर 22 करोड़, 57 लाख, 77 हजार रुपये।
- पूरनपुर की सहकारी 0चीनी मिल पर 15 करोड़, 82 लाख, 35 हजार रुपये।
- बरखेड़ा की बजाज हिंदुस्थान चीनी मिल पर 210 करोड़, 17 लाख, 38 हजार रुपये।