फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: सड़क हादसों में मासूम समेत चार की मौत

विज्ञापन
पूरनपुर में हादसे के बाद घटनास्थल पर लगी भीड़ व मौजूद पुलिस। संवाद - फोटो : PILIBHIT
विज्ञापन
पीलीभीत। यहां अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में मासूम समेत चार लोगों की मौत हो गई। पूरनपुर के जटपुरा गांव में पिकअप की चपेट में आकर डेढ़ वर्षीय मासूम सुनैना बी ने दम तोड़ दिया तो इसी क्षेत्र के सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव मढाखुर्द कलां निवासी रोशन लाल की बाइक की टक्कर में जान चली गई। इधर, मझोला के ड्यूनी डैम मार्ग पर शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर गांव गिधौर निवासी मजदूर रूप लाल (40) ने जान चली गई तो बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव अखौला निवासी विवाहित मुनीष श्रीवास्तव (25) की भी हादसे में मौत हो गई।
विज्ञापन

---
पिकअप की चपेट में आकर मासूम की जान गई
पूरनपुर। पिकअप की चपेट में आकर यहां डेढ़ साल की मासूम की मौत हो गई।
घटना शनिवार सुबह गांव जटपुरा की है। रईस अहमद की डेढ़ वर्षीय पुत्री सुनैना बी अपने चाचा लतीफ की लाडली थी। सुनैना सुबह घर के बाहर खेल रही थी। लतीफ अहमद काम पर जाने के लिए अपनी पिकअप स्टार्ट करने पहुंचा। सुनैना भी उसके पीछे पिकअप के पास पहुंच गई, तब लतीफ उसे घर के अंदर छोड़कर दोबारा पिकअप स्टार्ट करने पहुंचा। इसी दौरान सुनैना फिर घर से निकल आई और पिकअप की चपेट में आ गई। उसे सीएचसी लाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। संवाद
--------------
बाइक की भिड़ंत में एक की मौत, तीन घायल
पूरनपुर। बाइक की भिड़ंत में सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गांव मढाखुर्द कलां निवासी रोशन लाल, उसके दोस्त गांव निवासी दुर्गेश समेत चार लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रोशन लाल की मौत हो गई। उसके साथी दुर्गेश को जिला अस्पताल से बरेली रेफर किया गया है।
विज्ञापन

हादसा शुक्रवार रात करीब 10 बजे बंडा हाईवे पर गांव जनकापुर मोड़ के समीप हुआ। गांव मढाखुर्द के प्रधान अवधेश कुमार ने बताया कि रोशन लाल गांव के अपने साथी दुर्गेश कुमार और एक रिश्तेदार के साथ बाइक से बंडा थाना क्षेत्र के एक गांव से होली मिलकर घर लौट रहे थे। जनकापुर मोड़ के पास दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। इसमें तीनों लोग घायल हो गए। बाइक चालक हेलमेट नहीं लगाए था। सूचना पर पहुंची पुलिस तीनों के अलावा दूसरी बाइक पर सवार बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पिपरा खास निवासी रोहिताश को सीएचसी लेकर आई। हालत गंभीर होने पर चारों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। शुक्रवार रात इलाज के दौरान रोशन लाल की मौत हो गई, जबकि दुर्गेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल से बरेली रेफर कर दिया गया। घुंघचाई एसओ राजेंद्र सिंह सिरोही ने बताया कि प्रथम दृष्टया हादसा बाइक की टक्कर में होना पाया गया। अभी किसी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
घायलों को जब सीएचसी लाया गया। तब रोशन लाल का नाम किसी ने विकास लिखा दिया। जिला अस्पताल से पुलिस को भेजे गए मेमों में भी मरने वाले का नाम विकास दिखाया गया। मढाखुर्द कलां के प्रधान अवधेश कुमार ने बताया कि मरने वाला विकास नहीं गांव का रोशन लाल है। रोशन लाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। उसकी कुछ साल पहले ही शादी हुई थी। उसके तीन साल का एक पुत्र भी है। पत्नी अपने पुत्र को लेकर विवाद के चलते ससुराल चली गई है।
-------------
सड़क हादसे में मजदूर की मौत
मझोला। ड्यूनी डैम मार्ग पर शुक्रवार शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार मजदूर घायल हो गया। गंभीर हालत में घायल को न्यूरिया सीएचसी ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने मजदूर को मृत घोषित कर दिया।
न्यूरिया क्षेत्र के गांव गिधौर निवासी रूप लाल (40) मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते थे। शनिवार सुबह क्षेत्र के ही पकड़िया विजयपुर गांव में वह मजदूरी करने गए थे। देर शाम काम पूरा कर बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान ड्यूनी डैम मार्ग पर गुलड़िया के निकट अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में रूप लाल गंभीर घायल हो गए। वह हेलमेट नहीं लगाए थे।
राहगीरों की मदद से उन्हें न्यूरिया सीएचसी ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने रूप लाल को मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद परिजन भी सीएचसी पहुंच गए। जानकारी पुलिस को दी। इसके बाद न्यूरिया पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के पत्नी के अलावा एक पुत्री और दो पुत्र है। एक साल पूर्व बेटी का विवाह हुआ है।
न्यूरिया थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह ने बताया कि भाई पप्पू की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा किया गया है। संवाद
-----------
सड़क हादसे में घायल अखौला के युवक की मौत
बीसलपुर। कोतवाली क्षेत्र के गांव अखौला निवासी विवाहित मुनीष श्रीवास्तव (25) की हादसे में मौत हो गई।
गांव अखौला निवासी रामदुलारे ने बताया कि उनका भाई मुनीष नौ मार्च की शाम बाइक से बरेली जा रहा था। रास्ते में गांव पड़ोली के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। टक्कर होने के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया। घायल को बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उपचार के दौरान मुनीष की 10 मार्च को देरशाम मौत हो गई।
शनिवार को सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। मृतक के भाई रामदुलारे, दिनेश, नंदकिशोर, सोहनपाल, सुखदेव और मां सोमवती का रोते-रोते बुरा हाल है। अभी इस संबंध में पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी गई है। संवाद
------
बीसलपुर में तीन लोग घायल
बीसलपुर। मोहल्ला दुर्गाप्रसाद निवासी अमन कुमार शुक्रवार को देरशाम बाइक से रेलवे स्टेशन की ओर जा रहा था। रास्ते में नावल्टी तिराहे पर संतुलन बिगड़ जाने से वह गिरकर घायल हो गया। गांव कड़ैला निवासी नन्हेलाल शुक्रवार को देरशाम बाइक से अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में कासिमपुर मोड़ पर सामने अचानक आए छुट्टा पशु को बचाने के प्रयास में वह गिरकर घायल हो गए। गांव रुरिया निवासी ललित कुमार शनिवार को बाइक से नगर को आ रहे थे। रास्ते में अर्जुनपुर मोड़ पर सामने अचानक आए पैदल यात्री को बचाने के प्रयास में वह गिरकर घायल हो गए। घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें