लालपुर चौराहे पर शव रखकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को रोकती पुलिस। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पीलीभीत / जहानाबाद। गांव सुंदरपुर निवासी पल्लेदार नौबत (22) की लालपुर चौराहे के पास वाहन (ईको) की चपेट में आने से बुधवार रात मौत हो गई। आरोप है कि पिकेट ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया। बाद में चालक को छोड़ दिया। इससे भड़के परिवार वालों ने बृहस्पतिवार सुबह लालपुर चौराहे पर शव रखकर जाम लगा दिया। जाम खुलवाने पहुंची पुलिस से परिवार वालों की नोकझोंक हुई। सीओ के जल्द गिरफ्तारी के आश्वासन के बाद परिजन माने और जाम खोला। डेढ़ घंटे तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा।
जहानाबाद थाना क्षेत्र के गांव लालपुर निवासी मंगली प्रसाद का पुत्र नौबत शहर की मंडी समिति में पल्लेदारी करता है। बुधवार रात वह बाइक से घर लौट रहा था। रास्ते में लालपुर चौराहे के पास सितारगंज की ओर से आ रही वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई। परिजन का आरोप है कि जहानाबाद चौराहे पर पिकेट ड्यूटी कर रहे पुलिसकर्मियों ने वाहन और उसके चालक को पकड़ लिया था। परिवार वालों को अस्पताल भेज दिया और बाद में चालक को छोड़ दिया। एक ग्रामीण ने इसका वीडियो भी बना लिया। बृहस्पतिवार को सुबह पौने सात बजे परिजनों ने ग्रामीणों के साथ नौबत का शव चौराहे पर रखकर जाम लगा दिया। ट्रैक्टर ट्रॉली खड़ी कर दी गई, इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। जहानाबाद इंस्पेक्टर प्रभाष चंद के अलावा सदर कोतवाली इंस्पेक्टर नरेश त्यागी, सुनगढ़ी इंस्पेक्टर मदन मोहन चतुर्वेदी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे । परिवार वालों को समझाने की प्रयास किया, मगर परिवार वाले वाहन चालक को गिरफ्तार करने और सिपाहियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। परिवार वालों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई। बाद में सीओ सदर सतीश शुक्ला ने मौके पर पहुंचकर परिवार वालों से वार्ता कर चालक को जल्द गिरफ्तार करने और सिपाहियों के खिलाफ जांच कराने का आश्वासन देकर मामला शांत किया। तब करीब डेढ़ घंटा बाद जाम खुल सका। चालक की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।