पूरनपुर में असम हाईवे पर हादसे के बाद क्रेन से हटाई जा रही बस। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर (पीलीभीत)। हिमाचल प्रदेश से नेपाल लौट रही प्राइवेट मिनी बस असम हाईवे पर खड़े ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस में सवार नेपाल के 11 यात्री घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया। गंभीर हालत में चार घायलों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। बस में 22 नेपाली यात्री सवार थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन से बस को हाईवे से हटवाया।
हादसा शनिवार सुबह करीब पांच बजे असम हाईवे पर गांव कढेरचौरा के समीप हुआ। हिमाचल से मजदूरी कर नेपाल के लोग बस से वापस नेपाल जा रहे थे। हाईवे पर सड़क पर खड़े ट्रक से बस टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में कोहराम मच गया। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मगर इससे पहले बस में सवार यात्री, राहगीरों की मदद से बस से निकलकर उनके सहयोग से सीएचसी पहुंच गए।
हादसे में नेपाल के रालिका के छहलाल (23) निवासी कालीमाती, बसंत बहादुर (44) निवासी फूलपुर नेपालगंज , शिवालिका (19) निवासी पूरन बहादुरशाही, नेम बहादुर खारका (38) निवासी बांके उत्तर काशी, गोपाल थापा (33) निवासी डलौ, शिव बहादुर थापा (20), विष्णु पुंज (19), दान बहादुर थापा (55), नरेंद्र शाही (52), दुर्गा सिंह (55), तोप बहादुर (32) घायल हो गए। इसके अलावा बस में सवार अन्य लोगों के हल्की चोटें आई।
सीएचसी आए घायलों में दुर्गा सिंह, छयलाल, बसंत बहादुर, दान बहादुर को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। घटनास्थल पर जाम लग गया। पुलिस ने क्रेन से क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क किनारे कराया।