बरखेड़ा। महिला की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सक पर गलत आपरेशन और इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर पुलिस को तहरीर दी है।
बरखेड़ा कस्बे के वार्ड नंबर दो निवासी गौरव ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि एक सितंबर को प्रसव पीड़ा होने पर उसने अपनी पत्नी गुड्डी देवी को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। तीन सितंबर की रात को आपरेशन के बाद बच्चे का जन्म हुआ। चार दिन रुकने के बाद चिकित्सकों की सलाह पर उसे घर ले गए। जहां उसकी हालत बिगड़ने लगी।
दो दिन बाद दोबारा अस्पताल आने पर चिकित्सकों ने खून की कमी बताकर भर्ती कर लिया। 19 दिन भर्ती रहने के बाद भी सुधार न होने पर चिकित्सक ने कहीं बाहर ले जाने की बात कही।
अन्य चिकित्सक को दिखाने पर पता लगा कि मरीज के शरीर में इंफेक्शन फैल गया है। चिकित्सक की सलाह पर पत्नी को घर ले आया। नौ अक्तूबर को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। थाना प्रभारी मुकेश शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। संवाद