जूनियर हाईस्कूल शिवनगर में कक्ष निर्माण के नाम पर लाखों रुपये हड़पने का तत्कालीन प्रधानाध्यापक समेत तीन लोगों पर आरोप लगा है। गांव के एक युवक ने फर्जी कैश मेमो के जरिये सरकारी धन हड़पने का आरोप लगाकर एसपी से शिकायत की है। गजरौला के शिवनगर गांव निवासी रमेश सिंह पुत्र बादाम सिंह ने एसपी को दिए शिकायत पत्र में बताया कि वर्ष 2015-16 में गांव के जूनियर हाईस्कूल में तत्कालीन प्रधानाध्यापिका द्वारा कक्ष का निर्माण 3.45 लाख रुपये में कराया गया था। इसकी कैशमेमों में खर्च बताया गया है। जिसमें 1.20 लाख रुपये का कोई लेखाजोखा नहीं है। जबकि सेल टैक्स के अंतर्गत किसी भी फर्म से क्रय किए गए माल की ही कैशमेमो देने का प्रावधान है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि उक्त फर्म के मालिक, तत्कालीन प्रधानाध्यापिका और शिक्षा प्रबंध समिति के जिम्मेदार पदाधिकारी ने मिलीभगत से सरकारी धन का घोटाला किया है। मामले में नामजद शिकायत कर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। एसपी देवरंजन वर्मा ने शिकायत कर जांच कराकर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।