पीलीभीत। विदेश भेजने के नाम पर एक युवक के साथ धोखाधड़ी करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।
माधोटांडा थाना क्षेत्र के ग्राम कटपुरा निवासी मुख्त्यार सिंह ने माधोटांडा थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वर्ष 2023 में उनके पुत्र अमनदीप सिंह को न्यूजीलैंड भेजने के लिए माधोटांडा क्षेत्र के ग्राम रायपुर निवासी एजेंट राजेंद्र सिंह उर्फ राजू ने आधार कार्ड, पैन कार्ड, पासपोर्ट समेत अन्य दस्तावेज और धनराशि ली थी। आरोप है कि एजेंट ने वीजा बनवाकर अमनदीप को न्यूजीलैंड भेज दिया। वर्ष 2026 में वीजा नवीनीकरण के लिए आवेदन करने पर न्यूजीलैंड इमिग्रेशन की ओर से सूचना दी गई कि पूर्व में लगाए गए आयकर रिटर्न से संबंधित दस्तावेज फर्जी पाए गए हैं। इसके बाद जानकारी जुटाने पर पता चला कि किसी अन्य व्यक्ति का आयकर रिटर्न लगाकर वीजा प्रक्रिया पूरी की गई थी। आरोप है कि इस संबंध में एजेंट से कई बार शिकायत की गई, लेकिन उसने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।
20 अप्रैल 2026 को बातचीत के दौरान आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने मामले में विवेचना शुरू कर दी है। संवाद