पीलीभीत। सिद्धबाबा भंडारे से शामिल होकर लौट रहा युवक चलती ट्रॉली से गिरकर घायल हो गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गांव रूपपुर कमालू निवासी गंगाराम ने बताया कि रविवार को ग्रामीणों की ओर से माधोटांडा मार्ग पर स्थित माला जंगल में सिद्धबाबा स्थल पर भंडारे का आयोजन किया गया था। भंडारे में शामिल होने के लिए उनका 26 वर्षीय बेटा हरीश भी ग्रामीणों के साथ दोपहर दो बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से वहां गया हुआ था। भंडारा समाप्त करने के बाद सभी लोग शाम सात बजे ट्रैक्टर ट्रॉली से वापस आ रहे थे। युवक ट्रॉली के डाला पर बैठा हुआ था। तभी जंगल से निकलते ही सिद्धबाबा स्थल से एक किलोमीटर दूरी पर अचानक वह निचे गिर गया। हादसे में युवक के सिर पर गंभीर चोट आ गई। जिस कारण वह बेहोश हो गया। साथ में मौजूद ग्रामीणों ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मामले की सूचना मिलते ही परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए। जहां रविवार रात साढ़े ग्यारह बजे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक सुनगढ़ी श्रीकांत द्विवेदी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। फिलहाल परिवार की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है।